कांडी : स्थानीय जमा दो उच्च विद्यालय में विद्यालय विकास कोष के 4 वर्षों के आय व्यय का लेखा-जोखा उपलब्ध नहीं है। विद्यालय प्रबंध कारिणी समिति की बैठक में इसका खुलासा हुआ। राजकीय कृत जमा दो उच्च विद्यालय कांडी में विद्यालय विकास कोष का वर्ष 2019 से 2022 तक आय व्यय के लेखा जोखा का कोई अता पता नहीं है। कई वर्षों के बाद विद्यालय की प्रधानाध्यपिका विद्यानी बाखला ने स्थानीय विधायक सह विद्यालय प्रबंधकारिणी समिति के पदेन अध्यक्ष रामचंद्र चंद्रवंशी से समय लेकर बैठक का आयोजन किया था। इस दौरान विधायक के प्रखंड शिक्षा प्रतिनिधि रामलाला दुबे, पंचायत प्रतिनिधि के रूप में कांडी पंचायत के मुखिया विजय राम, दो शिक्षक सदस्य उपस्थित थे। इस दौरान विधायक के वर्तमान कार्यकाल वर्ष 2019 से ही विद्यालय विकास कोष के लेखा-जोखा की अध्यक्ष ने मांग की। लेकिन प्रधानाध्यापिका विद्यानी बाखला ने कहा कि उस समय विद्यालय का प्रभार दूसरे प्रधानाध्यापक के पास था। जिनके कार्यकाल का कोई लेखा-जोखा कार्यालय में उपलब्ध नहीं है। अध्यक्ष ने उक्त अवधि का लेखा-जोखा उपलब्ध कराए जाने का आदेश दिया। यह अजीबोगरीब कारनामा है। क्योंकि प्रभार में कोई रहे संस्था का अपडेट रेकर्ड रजिस्टर कार्यालय में उपलब्ध रहता है। इस दौरान बिद्यानी बाखला ने कहा कि विद्यालय के शिक्षक उनका सहयोग नहीं कर रहे हैं। इस दौरान कई तरह की उलझनें पैदा हो रही हैं। विधायक ने कहा कि इसे लिख कर दीजिए। सुधार की कार्रवाई करेंगे। जब बच्चों की पढ़ाई लिखाई ही नहीं होगी तो वैसे शिक्षक को यहां से हटाया जाएगा। प्रधानाध्यापिका ने छोटी मोटी जरूरत के लिए विकास मद के पैसे का उपयोग किए जाने की अनुमति मांगी। जैसे मिडिल स्कूल में बच्चों को पानी पीने की दिक्कत है। विभाग से बिजली की वायरिंग कराए जाने का बार-बार दबाव दिया जा रहा है। अध्यक्ष ने कहा कि विकास मद के जमा पैसा का उपयोग करें। इसके साथ ही जो भी जरूरी हो मुझे बताएं सहयोग करूंगा। प्रधानाध्यापिका ने कहा कि शिक्षक के द्वारा अपशब्द कहे जाने के साथ-साथ दुर्व्यवहार किया जा रहा है। इसकी सूचना उच्च पदाधिकारियों को दी गई है। विधायक ने कहा कि मुझे भी लिख कर दीजिए कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि आप पहली महिला हैं जिसके द्वारा विद्यालय की स्थिति में सुधार के लिए उन्हें बुलाया गया है। शेष किसी भी विद्यालय के लोग उन्हें कोई सूचना नहीं देते। विधायक के प्रखंड शिक्षा प्रतिनिधि रामलाला दुबे ने कहा कि पूरे प्रखंड के अन्य किसी भी हाई स्कूल में प्रबंध कारिणी समिति का गठन नहीं किया गया है। नतीजतन कहीं भी इसकी बैठक नहीं होती है। सभी जगह बिना बैठक की अनुशंसा के विद्यालय के विकास फंड का मनमाना उपयोग किया जा रहा है। कहा कि कई वर्षों से प्रयास करते-करते आज यहां बैठक हो रही है। विधायक सह अध्यक्ष ने कहा कि यह बच्चों के विकास का पैसा है। इसे विकास पर खर्च होना चाहिए। इस मौके पर विधायक ने कहा कि मेरी अनुपस्थिति में शिक्षा प्रतिनिधि रामलाला दुबे की अध्यक्षता में बैठक की जाएगी। जिसमें अजय सिंह भी उपस्थित रहेंगे। इस मौके पर राम लखन प्रसाद, विधायक के गढ़वा जिला प्रतिनिधि भोला चंद्रवंशी एवं पलामू जिला प्रतिनिधि रामचंद्र यादव भी उपस्थित थे। इससे पूर्व विधायक के पहुंचने पर विद्यालय की छात्राओं ने स्वागत गान से उनका स्वागत किया।
क्षेत्रीय विधायक सह विद्यालय प्रबंध कार्यकारिणी समिति के पदेन अध्यक्ष रामचंद्र चंद्रवंशी ने जमा दो उच्च विद्यालय कांडी में की बैठक
Fast News 08
👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं